ताजा खबर

पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने किया जीत का दावा, टीएमसी ने वीडियो जारी कर उनके दावे का उड़ाया 'मज़ाक'
30-Dec-2025 6:42 PM
पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने किया जीत का दावा, टीएमसी ने वीडियो जारी कर उनके दावे का उड़ाया 'मज़ाक'

गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में हैं. उन्होंने मंगलवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान दावा किया कि बीजेपी अगले साल पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी.

इसके बाद टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने एक्स पर पोस्ट कर अमित शाह पर निशाना साधा. उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अमित शाह आज बंगाल में हैं. उन्होंने आने वाले चुनाव में सीटों की भविष्यवाणी की है. लेकिन उनका ट्रैक रिकॉर्ड क्या है, देखिए.”

वीडियो में दिख रहा है कि, साल 2018 में अमित शाह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में दावा किया था कि बीजेपी चौथी बार सरकार में आएगी. मगर पार्टी को 90 में से सिर्फ 15 सीटें मिलीं.

2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने दावा किया था कि उनकी पार्टी दिल्ली में बहुमत से सरकार बनाएगी, मगर बीजेपी को 70 में से सिर्फ 8 सीटें मिलीं.

वहीं 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी 200 से ज़्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी… लेकिन पार्टी को सिर्फ 77 सीटें ही मिलीं.

इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने “400 पार” का नारा दिया था, लेकिन बीजेपी को सिर्फ 240 सीटें ही मिलीं.

प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान अमित शाह ने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर निशाना साधा है और उन्हें घुसपैठ के लिए ज़िम्मेदार बताया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट