ताजा खबर

लखनऊ विश्वविद्यालय की लाल बारादरी पर विवाद, हनुमान चालीसा का पाठ करने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया
24-Feb-2026 7:12 PM
लखनऊ विश्वविद्यालय की लाल बारादरी पर विवाद, हनुमान चालीसा का पाठ करने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया

सैयद मोज़िज़ इमाम

लखनऊ विश्वविद्यालय में स्थित लाल बारादरी को बंद करने पर कई दिनों से विवाद चल रहा है. इसमें स्टूडेंट्स के एक समूह ने मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया है. पुलिस ने पाठ कर रहे कुछ स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया है.

इन स्टूडेंट्स का आरोप है कि दूसरे गुट के स्टूडेंट्स लाल बारादरी को मस्जिद बनाने का प्रयास कर रहे हैं. इस मामले में कुलपति को ज्ञापन भी दिया है. छात्र राजेश शुक्ला ने कहा, "हम कुलपति को ज्ञापन देने आए थे, क्योंकि विश्वविद्यालय में माहौल ख़राब किया जा रहा है."

इससे पहले विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स के एक गुट ने आरोप लगाया था कि रमज़ान में लाल बारादरी को बंद कर दिया गया. इन स्टूडेंट्स का दावा था कि बारादरी में वो लोग रमज़ान में इबादत करते थे. इस मामले में कुछ दिन प्रदर्शन भी हुए थे. स्टूडेंट्स के एक समूह ने लाल बारादरी के बाहर बैठकर इफ़्तार भी किया था.

लाल बारादरी के सामने प्रदर्शन और नमाज़ पढ़ने को लेकर पुलिस ने 13 स्टूडेंट्स को नोटिस दिया था. इन स्टूडेंट्स को 50-50 हज़ार रुपये का निजी मुचलका और दो ज़मानतदार पेश कर एक साल तक शांति बनाए रखने की गारंटी देने को कहा गया है.

दरअसल, लखनऊ विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स का एक गुट लाल बारादरी खोलने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा गुट सुरक्षा कारणों से बारादरी को बंद रखने की मांग कर रहा है.

विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा कारणों और मरम्मत के कार्य के चलते बारादरी को बंद किया गया है. लाल बारादरी संरक्षित इमारत है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट