ताजा खबर
ढाई साल से फरार चल रहा था
रायपुर, 24 फरवरी। ईओडब्ल्यू ने 450 करोड़ से अधिक के कोयला घोटाला प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपी नारायण साहू को गिरफ्तार किया है।
ईओडब्ल्यू ने बताया कि नारायण साहू, आरोपी सूर्यकांत तिवारी का करीबी सहयोगी रहा है और घोटाले में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विवेचना में यह भी तथ्य सामने आया है कि आरोपी, सूर्यकांत तिवारी के लिए कोल लेवी की राशि का कलेक्शन करने के साथ-साथ सौम्या चौरसिया तक पैसे पहुंचाने का कार्य भी करता था। इसके अतिरिक्त ईओडब्ल्यू ने यह भी पाया कि सूर्यकांत तिवारी ने आरोपी नारायण साहू के नाम पर विभिन्न संपत्तियां क्रय कर रखी हैं। आरोपी पिछले लगभग ढाई वर्षों से फरार रहते हुए एजेंसी की पूछताछ से लगातार बचने का प्रयास कर रहा था।उसके विरुद्ध पूर्व में ही गैर-जमानती वारंट जारी किया जा चुका था।
आरोपी को ब्यूरो ने रिमांड पर लिया गया है। उससे कोल लेवी राशि के कलेक्शन, पैसे के हस्तांतरण तथा उसके नाम पर क्रय की गई संपत्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। गहन पूछताछ के दौरान प्रकरण से संबंधित मजबूत एवं ठोस साक्ष्य प्राप्त होने की संभावना है।


