ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 30 दिसंबर । वीआईपी रोड में बिल्डरों ने मिलकर गंदे पानी को बाहर ले जाने वाले प्राकृतिक नाले को पाटना शुरु कर दिया है। इतना ही नहीं बकायदा पाटे हुए स्थान पर प्लाटिंग की जा रही है ताकि जमीन बेची जा सके। लगभग 20 फीट चौड़े नाले को पाट कर उसकी चौड़ाई 5 फीट कर दी गई है। अब तक बिल्डरों ने यहां कई सौ मीटर लंबाई पर पाट भी दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इसी नाले के आगे एक निर्माणाधीन होटल को देश के नामी होटल ग्रुप ने खरीद लिया है। जिसके कारण आसपास की जमीन का रेट बढ़ सकता है।
इस कारण भूमाफियाओं ने नाले की जमीन पाट कर कई एकड़ जमीन तैयार कर ली । कुछ लोगों का कहना है की साल 1991 तक यह जमीन नजूल थी लेकिन अब अचानक से कुछ जमीन के राजस्व रिकार्ड में छेड़छाड़ कर जमीन को कारोबारियों के नाम किया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने नाला पाटने की जानकारी नगर निगम जोन 10 के अधिकारियों की दी जिसके बाद निगम की टीम ने बुलडोजर जब्त कर लिया है। नाला पाटने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भी लिखा है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है की की नाला पाटने वाले और अवैध प्लाटिंग करने वालों के लोगों के नाम की जानकारी अभी तक निगम को नहीं मिल पाई है।
निगम ने एक विज्ञप्ति में कहा कि वीआईपी रोड पर रामराजा मार्ग के समीप कतिपय अज्ञात व्यक्तियों द्वारा प्राकृतिक नाले को पाटकर जल बहाव को परिवर्तित करने का प्रयास किया जाने की जानकारी मिलने पर जोन 10 के नगर निवेश अमले ने स्थल निरीक्षण किया। नाले के संरक्षण हेतु रायपुर एसडीएम/तजसीलदार कार्यालय से जानकारी मांगी गयी है और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने भी मौके का जायजा लिया।


