ताजा खबर

स्कूलों में शिक्षक नहीं, दफ्तरों में कुर्सियां खाली
30-Dec-2025 5:03 PM
स्कूलों में शिक्षक नहीं, दफ्तरों में कुर्सियां खाली

 काम बंद,कलम बंद,हड़ताल का दूसरा दिन 

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 30 दिसंबर।
अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की कलम बंद–काम बंद हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। प्रदेश भर के 4 लाख से अधिक अधिकारी कर्मचारी,शिक्षक अपने स्कूल दफ्तर न जाकर जिला, तहसील मुख्यालयों में धरना स्थल में डटे हुए हैं। राजधानी में मुख्य प्रदर्शन  बूढ़ा पारा स्थित इंडोर स्टेडियम परिसर में चल रहा है। उधर नवा रायपुर में इंद्रावती भवन के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है।

फेडरेशन ने पहले ही दिन सफल प्रदर्शन के बाद स्पष्ट कह दिया है कि मांगे न मानी गई तो आंदोलन बेमुद्दत भी किया जा सकता है।

वहीं दूसरी ओर इस हड़ताल से शासन की रोज़मर्रा की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई। राजस्व, पंचायत, नगरीय प्रशासन, शिक्षा और अन्य विभागों के जरूरी कार्य ठप हो गए। 

 फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर सरकार को कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिले। इसी नाराजगी के चलते यह कदम उठाया है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि सरकार ने जल्द वार्ता कर समाधान नहीं निकाला, तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन तेज करने और अनिश्चितकालीन हड़ताल का विकल्प भी खुला रखा गया है। 
धरना स्थल पर संयोजक कमल वर्मा, प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी, पंकज पांडे,संजय सिंह, संजय शर्मा, प्रवीण ढिढवंशी, विजय कुमार झा, ऋतुराज परिहार, रीना राजपूत ने संबोधित किया। सभी आंदोलनकारियों ने अपने-अपने मोबाइल के लाइट जलाकर सांकेतिक रूप से राज्य सरकार के अंधकार को दूर कर प्रकाश देते हुए 11 सूत्रीय मांगों पर निर्णय लिए जाने की मांग की।


अन्य पोस्ट