ताजा खबर

खड़ी गाड़ी को हाईवा ने मारी टक्कर, दो मौतें, 11 जख्मी
30-Dec-2025 2:48 PM
खड़ी गाड़ी को हाईवा ने मारी टक्कर, दो मौतें, 11 जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 दिसंबर।
बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तमौरी-खपरी के पास देर रात एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़ी एक तूफान गाड़ी को पीछे से आ रहे एक हाईवा ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी सड़क से नीचे खेत में पलट गई। दुर्घटना में गाड़ी में सवार लोग घायल हो गए।
घायलों ने बताया कि वे सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं और 17 वर्षीय सुषमा कमल की तबीयत खराब होने के कारण उसे खपरी गांव में बैगा के पास ले जा रहे थे। परिजनों के अनुसार सुषमा को कुछ दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिली थी, लेकिन उसकी स्थिति को लेकर वे चिंतित थे।

बताया गया कि जिस समय दुर्घटना हुई, उस समय तूफान (क्रूजर)गाड़ी किसी कारण से सड़क किनारे खड़ी थी। कुछ लोग गाड़ी से उतरकर पास में खड़े थे, जबकि अन्य वाहन के भीतर बैठे थे। इसी दौरान चिखली घाट की ओर जा रहा हाईवा पीछे से आकर तूफान गाड़ी से टकरा गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में शांति बाई कमल (लगभग 70 वर्ष) और युगल किशोर कमल (लगभग 18 वर्ष) की मृत्यु हो गई।
घायलों में ज्योति कमल (25 वर्ष), नेहा कमल (21 वर्ष), संतोष कमल, भूषण कमल, जोगेंद्र कमल (21 वर्ष) और उमा भारती (25 वर्ष) सहित अन्य शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाइवा वाहन तेज गति में था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही की संभावना सामने आई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही गिधपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि हाईवा वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
 


अन्य पोस्ट