ताजा खबर

तोखन साहू ने दिल्ली दफ्तर में 6 घंटे की जनसुनवाई
30-Dec-2025 1:28 PM
तोखन साहू ने दिल्ली दफ्तर में 6 घंटे की जनसुनवाई

सुनी जनता की शिकायतें, कई मामलों में मौके पर ही मिली राहत

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 30 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी के ‘संवाद से समाधान’ के संकल्प के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लंबा और गहन संवाद किया। करीब छह घंटे तक चले इस जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्री ने न सिर्फ शिकायतें सुनीं, बल्कि कई मामलों में तत्काल समाधान की पहल भी की।

भाजपा संगठन के विशेष कार्यक्रम के तहत तोखन साहू सुबह 10:50 बजे से शाम 5:00 बजे तक लगातार उपलब्ध रहे। इस दौरान देश के अलग–अलग हिस्सों से आए 74 नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे।

मंत्री साहू ने  व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर चर्चा की। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीधे फोन कर या संदेश भेजकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे शिकायतकर्ताओं को मौके पर ही राहत मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान सामने आए मंत्रालयों से संबंधित बड़े विषयों को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर संबंधित विभागों को भेजा गया, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय और सुशासन के मूल मंत्र पर काम कर रही है। संगठन का यह संवाद मंच जनता की अपेक्षाओं और सरकार के निर्णयों के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाता है।

 


अन्य पोस्ट