ताजा खबर
देहरादून में त्रिपुरा के स्टूडेंट एंजेल चकमा की हत्या के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने ख़ुद के साथ हुई एक घटना का ज़िक्र किया है.
गौरव गोगोई ने दावा किया, "मेरे साथ भी ऐसा हुआ. एक बार जब मैं आगरा गया तो गार्ड ने मुझसे पूछा कि 'कहां से हो? अपना पासपोर्ट दिखाओ'. आपने ये कभी महसूस नहीं किया होगा कि खुद के ही देश में आपसे आपका पासपोर्ट मांगा जा रहा है."
उन्होंने कहा, "ये जो फ़ीलिंग है, ये जो भावना है हम जो उत्तर-पूर्वांचल (नॉर्थ-ईस्ट) से आते हैं, ये बस हम ही समझ सकते हैं."
कांग्रेस सांसद ने कहा, "इसमें कितना ग़म है, कितना दर्द है और कितनी ताक़त चाहिए कि इसके पश्चात भी भारत माता की जय, जय हिन्द और देश का झंडा अलग-अलग मंच पर हम गर्व से लहराते हैं. ये हमारी देशभक्ति, हमारी सहनशीलता और हमारी ताक़त का प्रमाण है."
नौ दिसंबर को देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के बाज़ार में एक निजी यूनिवर्सिटी से एमबीए कर रहे एंजेल चकमा पर हाथ के कड़े और चाकू से हमला किया गया. 16 दिनों तक अस्पताल में इलाज के बाद उनकी मौत हो गई.
इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर से पूर्वोत्तर भारत के स्टूडेंट्स के साथ उत्तर भारत में भेदभाव की घटनाओं को चर्चा में ला दिया है. (bbc.com/hindi)


