ताजा खबर
दिल्ली-हावड़ा मेन लाइन पर जसीडीह और झाझा स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने की घटना के दो दिन गुज़र जाने के बाद भी इस रूट पर ट्रेन सेवा बहाल नहीं हो पाई है.
यहाँ शनिवार देर रात क़रीब साढ़े ग्यारह बजे लाहाबन और सिमुलतला स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी के 8 डब्बे पटरी से उतर गए थे. इसकी वजह से इस लाइन पर अप-डाउन दोनों ही ट्रेनें बंद पड़ी हैं.
इस घटना को हुए 45 घंटे से ज़्यादा गुज़र चुके हैं. रविवार से लेकर सोमवार तक इस रूट से गुज़रने वाली दर्जनों ट्रेनों और हज़ारों मुसाफ़िरों पर इसका असर पड़ा है.
इस रेल सेक्शन के बंद होने की वजह से सोमवार को केवल पूर्व रेलवे ने कम से कम 28 ट्रेनों को रद्द कर दिया, जबकि 84 ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाने का फ़ैसला किया गया.
वहीं 9 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ऑरिजिनेट करने का फ़ैसला लिया गया. यानी ये ट्रेनें मंज़िल से पहले रोकी गईं या इन्हें निर्धारित स्टेशन की जगह रूट पर अन्य स्टेशन से शुरू किया गया.
सोमवार शाम जारी एक अपडेट में डीआरएम हावड़ा ने बताया कि 29 दिसंबर को चलने वाली 8 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है. वहीं, 30 दिसंबर की एक ट्रेन के रूट को भी बदला गया है.
इसके अलावा डीआरएम हावड़ा ने बताया कि 30 दिसंबर को चलने वाली दो अन्य ट्रेनों को रद्द किया गया है. (bbc.com/hindi)


