ताजा खबर
गृह निर्माण मंडल ने रचा आवास के क्षेत्र में नया कीर्तिमान
रायपुर, 29 दिसंबर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने जनवरी से दिसंबर 2025 की अवधि में लगभग 4689 संपत्तियों का विक्रय किया है जिसका मूल्य लगभग 1022 करोड़ रुपए से अधिक है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के गठन से लेकर अब तक के इतिहास में सर्वाधिक वार्षिक विक्रय है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के सुशासन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव जी के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड द्वारा राज्य में किफायती, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है।
मंडल अब तक निर्मित कुल आवासों में से लगभग 70 प्रतिशत आवास कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के लिए निर्मित किए गए हैं।
विगत पाँच वर्षों में औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय किया गया, जिसका औसत मूल्य लगभग रु. 262 करोड़ रहा है। किन्तु वर्ष 2025 में 4689 संपत्तियॉ जिसका मूल्य लगभग रु.1022 करोड़ है का विक्रय किया गया।
विगत एक वर्ष के दौरान शासन द्वारा स्वीकृत वन टाइम सेटलमेंट योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिसके फलस्वरूप लगभग 1452 संपत्तियों का विक्रय किया गया जिसका मूल्य लगभग रु. 220.16 करोड़ है। इस योजना से बड़ी संख्या में मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों को सीधा लाभ मिला है।
आवास मंत्री ओ. पी. चौधरी के निर्देश पर राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 के दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने 26 जिलों में रु. 2080 करोड़ की 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया गया। साथ ही, मेले के दौरान ही रु.305 करोड़ मूल्य की संपत्तियों का विक्रय किया गया।
इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मंडल द्वारा वर्ष 2025 में लगभग रु. 1022 करोड़ की संपत्तियों का विक्रय किया जाना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह सरकार की जनहितैषी नीतियों और लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी जी ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह राज्य के आवास क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को किफायती, सुलभ, सुव्यवस्थित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल राज्य में आवास क्षेत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभाते हुए आवास क्रांति की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिकों को लाभ मिल रहा है।


