ताजा खबर

स्कूटी सवार कारोबारी पर हमला कर 20 लाख की लूट, दोनों आरोपी गिरफ्तार
29-Dec-2025 7:43 PM
स्कूटी सवार कारोबारी पर हमला कर 20 लाख की लूट, दोनों आरोपी गिरफ्तार

पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 दिसंबर। सरगुजा जिला के अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्तीपारा में रविवार देर रात स्कूटी से घर लौट रहे एक व्यवसायी पर जानलेवा हमला कर 20 लाख रुपए की लूट की बड़ी वारदात करने वाले दोनों आरोपी को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूट का पूर्व कर्मचारी  मास्टरमाइंड निकला।

जानकारी के अनुसार अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के डीलर एवं हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के फें्रचाइजी संचालक हैं, रविवार रात करीब 9.30 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्तीपारा स्थित रानी सती मंदिर कालोनी के पास एक युवक ने उनके सिर पर बांस के डंडे से वार कर बैग में रखी लगभग 20 लाख रुपए की नकदी लूट ली। घटना स्थल उनके घर से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित है।

तफ्तीश में सामने आया कि लूट की योजना उनका पूर्व कर्मचारी दीपक दास ने अपने साथी रोहित दास के साथ मिलकर बनाई थी। दुकान से निकाले जाने के बाद वह नाराज़ चल रहा था। वारदात के बाद दोनों आरोपी रुपए का बंटवारा कर रहे थे, तभी पुलिस पहुँच गई। घेराबंदी देख दोनों 18 लाख रुपए और पल्सर मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग निकले।

कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शेष 2 लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं। लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को बैग लेकर भागते देखा जा सकता है।

इस सनसनीखेज लूटकांड के खुलासे से शहरवासियों ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट