ताजा खबर

देहरादून में त्रिपुरा के स्टूडेंट की हत्या पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने क्या कहा?
29-Dec-2025 6:54 PM
देहरादून में त्रिपुरा के स्टूडेंट की हत्या पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने क्या कहा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को उत्तराखंड के देहरादून में त्रिपुरा के एक स्टूडेंट की हत्या को 'नफ़रत से जुड़ा भयावह अपराध' बताया है.

उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी पर नफ़रत के 'सामान्यीकरण' का आरोप भी लगाया.

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पश्चिम त्रिपुरा ज़िले के नंदननगर निवासी 24 वर्षीय एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में छह लोगों के एक समूह ने हमला किया था. इलाज के दौरान 26 दिसंबर को उनकी मौत हो गई.

एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि 'नफ़रत एक रात में पैदा' नहीं होती.

उन्होंने लिखा, "देहरादून में एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल के साथ जो हुआ, वह एक काफ़ी भयावह नफ़रत से जुड़ा अपराध है."

कांग्रेस सांसद ने कहा, "बीते कई सालों से इसे लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, ख़ासतौर पर युवाओं के बीच, ज़हरीली सामग्री और गै़र-ज़िम्मेदाराना बयानबाज़ी के ज़रिए."

वहीं इस पर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "देहरादून में त्रिपुरा के एक स्टूडेंट की हत्या नफ़रती लोगों की बेहद घृणित मानसिकता का दुष्परिणाम है."

अखिलेश यादव ने कहा, "विघटनकारी सोच रोज़ किसी की जान ले रही है और सरकारी अभयदान प्राप्त ये लोग विषबेल की तरह फल-फूल रहे हैं. इन नकारात्मक तत्वों से देश और देश की एकता-अखंडता ख़तरे में है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट