ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 29 दिसंबर। सनातन धर्म के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं पर सनातन धर्म और साधु-संतों के प्रति अपमानजनक बयानबाजी करने का आरोप लगाया गया।
भाजयुमो ग्रामीण जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के कई नेता लगातार सनातन का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध को सुनियोजित बताते हुए कहा कि इससे कांग्रेस की मानसिकता उजागर होती है। उन्होंने रामसेतु और भगवान राम को लेकर पूर्व में दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने बार-बार हमारे मान-बिंदुओं और संत परंपरा का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि शिव-भक्ति और प्रवचनों से जनमानस जुड़ रहा है और बागेश्वर धाम के माध्यम से सनातन चेतना को नई ऊर्जा मिली है।
भाजयुमो शहर जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने कहा कि ऐसी बयानबाजी से जनभावनाएं आहत होती हैं, इसलिए कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


