ताजा खबर

कांग्रेस के 141वीं स्थापना दिवस पर लोकतंत्र व संविधान बचाने का संकल्प
29-Dec-2025 11:51 AM
कांग्रेस के 141वीं स्थापना दिवस पर लोकतंत्र व संविधान बचाने का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 29 दिसंबर। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण/शहर) द्वारा कांग्रेस भवन में कांग्रेस पार्टी की 141वीं स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण से हुई, इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया गया।

ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस विश्व की सबसे पुरानी राजनीतिक संस्थाओं में से एक है, जिसने 141 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में अनेक उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सुभाष बोस, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी से लेकर वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस निरंतर आगे बढ़ती रही है।

शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि 1915 में गांधीजी के आगमन के बाद स्वतंत्रता आंदोलन को सत्य और अहिंसा का मजबूत आधार मिला, जिसके परिणामस्वरूप देश 15 अगस्त 1947 को आज़ाद हुआ।
पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी ने नेहरू के योगदान को याद करते हुए भाखड़ा-नंगल बांध, आईआईटी और भिलाई स्टील प्लांट जैसी संस्थाओं को आधुनिक भारत की नींव बताया।

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के शासन में महंगाई बढ़ी है और देश आर्थिक असमानता की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसजनों का सम्मान किया गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट