ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 दिसंबर। सकरी पुलिस ने 20 दिन पुराने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। लगातार सर्विलांस के जरिए पुलिस ने हत्या की पूरी कड़ी जोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी पहले से ही जेल में बंद है।
मामला 7 दिसंबर 2025 का है। चिल्हाटी आवासपारा निवासी प्रहलाद साहनी दोपहर करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से हिर्री माइंस इंद्रपुरी से बिलासपुर के लिए निकले थे। अगले दिन 8 दिसंबर को उनका शव सकरी शराब भट्ठी के पास पड़ा मिला। इस संबंध में मृतक के पुत्र संजू साहनी ने मर्ग सूचना दर्ज कराई थी।
थाना सकरी में मर्ग कायम कर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पोस्टमार्टम कराया। शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई। शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली। इसमें रात करीब 11:30 बजे गाली-गलौज और बहस की आवाजें सुनाई दीं। परिजनों ने गाली देने वाली आवाज को मृतक प्रहलाद साहनी की होना बताया, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।
जांच में सामने आया कि 7 दिसंबर की रात प्रहलाद साहनी शराब के नशे में दुकान के पास गाली-गलौज कर रहा था। शोर सुनकर पास में रहने वाले पुरुषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम, प्रियांशु वर्मा और प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा वहां पहुंचे और चुप रहने को कहा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और तीनों ने मिलकर प्रहलाद साहनी के साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर चले गए।
अगली सुबह मौके पर शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। ह्यूमन इंटेलिजेंस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में पुरुषोत्तम वर्मा और प्रियांशु वर्मा ने अपराध स्वीकार किया, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। तीसरा आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में निरुद्ध है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।


