ताजा खबर
पड़ोसी के वीडियो ने खोली बर्बरता, PETA की शिकायत पर थाने में मामला दर्ज
रायपुर,24 फ़रवरी। राजधानी में दो पालतू कुत्तों के साथ कथित मारपीट और उनमें से एक को उबलते पानी से झुलसा दिया गया।।
घटना तब सामने आई जब एक चिंतित पड़ोसी ने कथित मारपीट का वीडियो साझा किया। फुटेज में दिखाई देने वाले दृश्य विचलित करने वाले बताए गए हैं। स्थानीय स्वयंसेवकों वंचना लाबन, दीपेश मौर्य और उर्जा श्रृगारपुरे ने मौके पर पहुंचे। आरोप है कि एक कुत्ते को उबलते पानी से झुलसाया गया, जबकि दोनों के साथ मारपीट की गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया, यानी People for the Ethical Treatment of Animals (PETA) ने डीसीपी नॉर्थ, एसीपी तथा खमरडीह पुलिस स्टेशन के अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया। स्वयंसेवकों के सहयोग से भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। यह धारा किसी भी पशु को अपंग करने या मारने को संज्ञेय अपराध के रूप में वर्गीकृत करती है, जिसके लिए पाँच वर्ष तक के कारावास, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। PETA इंडिया ने खमरडीह पुलिस स्टेशन से पीड़ित कुत्तों को तत्काल सुरक्षित जब्ती में लेकर समुचित चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि आगे किसी संभावित क्षति से बचाया जा सके।


