ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 27 दिसंबर । बजरंग दल के कार्यकर्ता आज 12 बजे सिविल लाइन थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे। सैकड़ों की संख्या में पहुंच कर गिरफ्तारी देंगे। इनमें से अधिकांश लोग रायपुर बंद के दौरान माल और अन्य जगह उपद्रव मचाने वाले शामिल हैं। इन पर तेलीबांधा थाने में अपराध भी दर्ज है।
बताया गया है कि पुलिस ने मेग्नेटो उपद्रव के वायरल वीडियो और माल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फूटेज से आरोपियों की पहचान कर ली थी। इसके जरिए करीब 10 उपद्रवियों को कल रात हिरासत में लिया था। ये सभी बजरंग दल के कार्यकर्ता हैं। इसकी खबर लगते ही बजरंग दल के पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता सिविल लाईन थाने पहुंचे। सभी ने हिरासतियों की पहचान की। इनका कहना था कि पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया है वो घटना में नहीं थे। पुलिस ने जबरिया पकड़ा है। इस मुद्दे पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच आधी रात तक कश्मकश रही। और अंततः बजरंगी यह कहकर गए कि पकड़े गए लोगों को छोड़ा जाए अन्यथा शनिवार दोपहर सभी कार्यकर्ता अपनी गिरफ्तारी देंगे। इसी सिलसिले में सभी कार्यकर्ता बैद्यनाथ मंदिर जोन- 4 के पास एकत्रित होकर गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाना जा रहे।


