ताजा खबर
पूर्व बीजेपी विधायक और उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए कुलदीप सेंगर के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महिलाओं ने प्रदर्शन किया है.
शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर महिलाओं ने हाथ में नारे लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और कोर्ट के फ़ैसले का विरोध किया.
हालाँकि पुलिस ने उन्हें फ़ौरन अपना प्रदर्शन ख़त्म करने की चेतावनी दी.
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार 23 दिसंबर को पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी थी.
एक नाबालिग़ लड़की के साथ बलात्कार के मामले में साल 2019 में कुलदीप सेंगर को उम्र क़ैद की सज़ा हुई थी. उत्तर प्रदेश के उन्नाव में साल 2017 की यह घटना देश भर में सुर्खियों में रही थी.
मंगलवार के दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
बलात्कार के ख़िलाफ़ आवाज उठाने वाली वह लड़की, उनकी माँ, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विपक्ष के कई नेताओं ने इस फ़ैसले का विरोध किया है. (bbc.com/hindi)


