ताजा खबर

क्रिसमस के मौके़ पर सामने आई घटनाओं पर आप नेता संजय सिंह ने क्या कहा?
25-Dec-2025 10:05 PM
क्रिसमस के मौके़ पर सामने आई घटनाओं पर आप नेता संजय सिंह ने क्या कहा?

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने क्रिसमस के मौके़ पर देश के कई हिस्सों में सामने आई घटनाओं पर चिंता ज़ाहिर की.

उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि भारत सांस्कृतिक रूप से एक मज़बूत राष्ट्र है और हमें भारतीय होने पर गर्व है, लेकिन आजकल कुछ लोग 'दूसरे धर्म के लोगों को परेशान' कर रहे हैं और उनके आयोजनों और 'धार्मिक कार्यक्रमों में दख़ल' दे रहे हैं.

उन्होंने सवाल किया कि क्या इससे दुनिया में भारत की छवि एक विश्वगुरु के रूप में बनेगी.

संजय सिंह ने कहा, "ऐसी बीजेपी को आपने सत्ता में बैठा दिया है, जो कल बरेली में चर्च के सामने हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे. कहीं बने हुए सैंटा क्लॉस की तोड़फोड़ की जा रही है. कहीं महिलाओं को घेरकर पीटा जा रहा है. क्या ऐसा हिंदुस्तान आप बनाना चाह रहे हैं."

उन्होंने कहा, "आपकी इन हरकतों की वजह से विदेशों में रह रहे भारतीयों को कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा होगा."

दरअसल क्रिसमस के मौके़ पर कई जगहों से घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें तोड़-फोड़ शामिल है.

इससे पहले आरोप है कि बुधवार को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई.

मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता के अनुसार, "बड़ी संख्या में लाठी और हॉकी स्टिक लेकर लोग मॉल में घुस आए और तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया. वे कर्मचारियों की आईडी देख रहे थे और पूछ रहे थे कि तुम हिंदू हो या ईसाई" (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट