ताजा खबर
-सुब्रत कुमार पति
ओडिशा के संबलपुर के अइंठापल्ली पुलिस स्टेशन इलाक़े के दानिपाली में बुधवार देर शाम पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर की कुछ स्थानीय लोगों ने 'पीट पीटकर' हत्या कर दी है.
संबलपुर के एसडीपीओ तोफान बाग ने बीबीसी को बताया, "तीन मजदूर बीड़ी पी रहे थे तभी कुछ स्थानीय लोग वहाँ पहुँचे ओर मजदूरों को आधार कार्ड दिखाने को कहा. फिर उन्होंने तीनों को पीटा, जिससे मौक़े पर एक आदमी की मौत हो गई."
एसडीपीओ के मुताबिक़, "मृत व्यक्ति का पोस्टमॉर्टम किया गया है और उनके परिवार को ख़बर दे दी गई है. संबलपुर पुलिस ने इस मामले में 6 अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. मृत मजदूर का नाम शेख़ जुएल है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के रहने वाले थे."
पुलिस के मुताबिक़ वो संबलपुर में रहकर दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम कर रहे थे. घायल मजदूरों को संबलपुर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहाँ उनकी हालत सामान्य बताई गई है. (bbc.com/hindi)


