ताजा खबर
भारत सरकार ने दो एयरलाइनों को कामकाज शुरू करने की शुरुआती अनुमति दे दी है. नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि क्षेत्रीय एयरलाइन 'अलहिंद एयर' और 'फ्लाई एक्सप्रेस' को मंत्रालय ने नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) दे दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि सरकार घरेलू उड्डयन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहन देने के लिए काम कर रही है.
यह घोषणा इंडिगो संकट के कुछ ही दिनों बाद हुई है. इस महीने के शुरुआत में स्टाफ की कमी के चलते इंडिगो की करीब 4,500 उड़ानें रद्द हुई थीं, जिससे लाखों यात्री प्रभावित हुए. इस घटनाक्रम ने भारतीय उड्डयन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा की कमी को उजागर कर दिया. फिलहाल, भारत के उड्डयन क्षेत्र में इंडिगो की 65 और एयर इंडिया की करीब 27 फीसदी हिस्सेदारी है. अन्य एयरलाइनों के पास सिर्फ आठ फीसदी की हिस्सेदारी है.
फिलहाल, यह जानकारी नहीं मिली है कि 'अलहिंद एयर' और 'फ्लाई एक्सप्रेस' की उड़ानों का संचालन कब से शुरू होगा. 'अलहिंद एयर' की वेबसाइट पर लिखा है कि एयरलाइन, एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट पाने की प्रक्रिया में है और दक्षिण भारत में अपने ऑपरेशन शुरू करेगी. 'फ्लाई एक्सप्रेस' की वेबसाइट पर भी "कमिंग सून" लिखा है. (dw.com/hi)


