ताजा खबर
सीएम साय रायपुर से 114 निकायों में वर्चुअल लोकार्पण
रायपुर, 24 दिसम्बर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर कल 25 दिसम्बर को राज्य के 115 शहरों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इनका वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। श्री साय 25 दिसम्बर को दोपहर साढ़े 12 बजे रायपुर के अटल एक्सप्रेस-वे में फुंडहर चौक पर स्थापित अटलजी की मूर्ति का अनावरण और अटल परिसर का लोकर्पण करेंगे।
उप मुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन अरुण साव ने आज प्रेस-कॉन्फ्रेंस में 115 निकायों में अटल परिसरों के लोकार्पण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के निर्माता अटलजी के जन्म शताब्दी वर्ष को सरकार अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण व इसके विकास में उनके योगदान को रेखांकित करने तथा उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने उनके जन्म शताब्दी वर्ष में राज्य के हर नगरीय निकाय में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है।
11 नगर निगमों, 28 पालिकाओं और 76 पंचायतों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण होगा। इसके निर्माण के लिए राज्य के 14 नगर निगमों को 50-50 लाख , 56 पालिकाओं को 30-30 लाख र 122 पंचायतों को 20-20 लाख रुपए दिए गए हैं।
पिछले वर्ष एक साथ 163 नगरीय निकायों में इनका भूमिपूजन किया गया था। इनमें 60 निकायों में अटल परिसर का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है। शेष नगरीय निकायों में भी अटल परिसर के निर्माण का काम प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि शहरों में अटल परिसर का निर्माण प्रमुख स्थलों तथा उद्यानों में किया गया है। इसमें अटलजी की प्रतिमा की स्थापना के साथ-साथ परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण एवं विकास भी किया जा रहा है। अटल परिसर से नागरिकों को एक आकर्षक, मनोरंजक एवं सक्रिय सामाजिक-सांस्कृतिक स्थल की सुविधा मिलेगी।


