ताजा खबर

छत्तीसगढ़ बंद का रायगढ़ में मिला-जुला असर
24-Dec-2025 3:50 PM
 छत्तीसगढ़ बंद का रायगढ़ में मिला-जुला असर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 24 दिसंबर।
प्रदेश के कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा गांव में हुई घटना के विरोध में सर्व समाज के द्वारा आज छत्तीसगढ़ बंद का रायगढ़ जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला है।

मिली जानकारी के मुताबिक कांकेर के बड़े तेवड़ा गांव में मतांतरित व्यक्ति के शव दफन को लेकर हुए विवाद को लेकर आज छत्तीसगढ़ बंद का आव्हान किया गया है। इससे पहले रायगढ़ जिला मुख्यालय में कल शाम रैली निकालकर रायगढ़ बंद का आव्हान किया गया था। प्रदेशव्यापी बंद को छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स रायगढ़ चैप्टर ने पूर्ण समर्थन दिया है। इस मुद्दे की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से बंद का समर्थन करने का निर्णय लिया।

 

 

बैठक में उपस्थित व्यापारिक नेताओं ने स्पष्ट किया कि व्यापारी समाज हमेशा राष्ट्रहित और समाजहित को सर्वोपरि रखता है। इस घटना को प्रदेश की शांति और सामाजिक सद्भाव के लिए खतरा बताते हुए छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बंद के प्रति अपना नैतिक समर्थन किया। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारियों का कहना है कि व्यापारी वर्ग रचनात्मक और सकारात्मक सहयोग के साथ समाज के साथ खड़ा रहेगा। तथा जरूरतमंद दुकानों को छूट दी गई है, जैसे मेडिकल, डेयरी तथा कच्चे सामान की दुकानें।

प्रमुख व्यापारिक संगठनों के समर्थन से आज बंद प्रदेशभर में व्यापक प्रभाव डालने की संभावना है। व्यापारियों ने मुख्य चैराहों पर प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराने और कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपने की भी योजना बनाई है। सर्व समाज ने धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाने सहित कई मांगें रखी हैं। बंद के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट