ताजा खबर

फर्नीचर फैक्ट्री में तारपीन तेल टैंकर से भड़की आग, दो की मौत
24-Dec-2025 1:28 PM
फर्नीचर फैक्ट्री में तारपीन तेल टैंकर से भड़की आग, दो की मौत

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 24 दिसंबर। सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने दो कर्मचारियों की जान ले ली। हादसा 23 दिसंबर की शाम को हुआ, जब फैक्ट्री में कामकाज जारी था। आग की चपेट में आए एक सुपरवाइजर और एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

आग लगने के दौरान फैक्ट्री के सुपरवाइजर रितेश शुक्ला अंदर फंस गए थे। उनके कपड़ों में आग लग गई और वे किसी तरह जलते हुए बाहर निकलने में सफल रहे। गंभीर हालत में उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के वक्त फैक्ट्री में काम कर रहा मजदूर आयुष सूर्यवंशी अंदर ही फंस गया था। देर रात तक उसकी तलाश होती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन जानकारी मिलने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय आयुष का पिता घनश्याम और बड़ा भाई आशीष फैक्ट्री से बाहर निकलने में सफल रहे।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में मोटर से निकली चिंगारी लकड़ी पॉलिश में उपयोग होने वाले ज्वलनशील तारपीन तेल के टैंकर तक पहुंच गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा टैंकर धधक उठा और आग तेजी से फैल गई।

आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा तैयार फर्नीचर और कच्चा माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। परिसर में खड़े एक ऑयल टैंकर, मालवाहक वाहन और एक बाइक भी आग की चपेट में आ गए। धमाकों की आवाज़ और काले धुएं के गुबार से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक पानी और फोम का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। हादसे के दौरान ड्रोन शॉट भी सामने आए हैं, जिनमें आग की भयावहता दिखाई दे रही है।

आग अब पूरी तरह बुझा दी गई है। प्राथमिक तौर पर ऑयल लीकेज को आग लगने की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस और फायर विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।  

 


अन्य पोस्ट