ताजा खबर

सिर्फ फेफड़े नहीं, दिमाग पर भी असर डालता है वायु प्रदूषण: विशेषज्ञ
24-Dec-2025 12:07 PM
सिर्फ फेफड़े नहीं, दिमाग पर भी असर डालता है वायु प्रदूषण: विशेषज्ञ

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के बढ़े हुए स्तर के बीच बड़ी संख्या में लोग न्यूरोलॉजिकल समस्याओं की बात कर रहे हैं. न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत सूरी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि आमतौर पर कहा जाता है कि वायु प्रदूषण फेफड़ों या हृदय को प्रभावित करता है, लेकिन काफी रिसर्च के बाद यह कहा जा सकता है कि ये दिमाग पर भी असर डालता है. 

उन्होंने कहा कि प्रदूषित हवा में थोड़े समय रहने से सिरदर्द, चक्कर आने और मानसिक रूप से भ्रमित होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं. वहीं, लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से अल्जाइमर, डिमेंशिया, पार्किसंस, एडीएचडी और बच्चों में ऑटिज्म जैसी परेशानियां हो सकती हैं. विनीत सूरी ने चेताया कि गंभीर रूप से प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ता है. 

वायु प्रदूषण का असर कम करने के लिए विशेषज्ञ घर में एयर प्यूरीफायर लगाने और घर के बाहर एन95 या एन99 मास्क लगाने की सलाह देते हैं. प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर विशेषज्ञ घर के अंदर ही अधिक से अधिक समय गुजारने की भी सलाह देते हैं. विशेषज्ञ घर के अंदर इनडोर प्लांट्स रखने की भी सलाह देते हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि प्रदूषित हवा में व्यायाम करने से फायदा कम, नुकसान ज्यादा होता है.   (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट