ताजा खबर

रातभर नाकेबंदी कर खनिज विभाग ने 8 हाईवा किए जब्त
22-Dec-2025 8:14 PM
रातभर नाकेबंदी कर खनिज विभाग ने 8 हाईवा किए जब्त

रायपुर जिले रेत के अवैध परिवहन के मामले में करवाई

रायपुर, 22 दिसम्बर। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ  खनिज विभाग की टीम ने 21 और 22 दिसंबर की पूरी दरम्यानी रात अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी कर रेत का अवैध परिवहन करते हुए 8 हाईवा जब्त किए हैं। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थानों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

 
खनिज विभाग की टीम ने खरोरा, उपरवारा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी और जांच की। कार्रवाई के दौरान 4 हाईवा खरोरा थाना क्षेत्र से, 1 हाईवा उपरवारा थाना क्षेत्र से तथा 3 हाईवा अन्य स्थानों से पकड़े गए।

जांच में पाया गया कि ये सभी हाईवा आरंग, कुरूद और धमतरी क्षेत्र से रेत भरकर अलग-अलग स्थानों की ओर जा रहे थे। इनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर खनिज विभाग के उप संचालक  राजेश माल्वे के निर्देशन तथा सहायक खनि अधिकारी  उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।सुपरवाइजर  सुनील दत्त शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

खदान सील, मशीनें व वाहन जब्त

आरंग के अंतर्गत समोदा, कागदेही एवं हरदीडीह रेत खदान क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अवैध रेत खनन की गतिविधियाँ पाए जाने पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान समोदा एवं कागदेही रेत खदान से एक मोटर बोट सक्शन मशीन (पनडुब्बी) एवं एक चेन माउंट मशीन जब्त कर खनन कार्य तत्काल बंद करवाया गया। वहीं कागदेही रेत खदान को सील कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त हरदीडीह क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त पाए गए दो हाइवा वाहनों को भी जब्त कर आरंग थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।


अन्य पोस्ट