ताजा खबर

जो कहा था वो किया, जो नहीं कहा था वो भी करके दिखाया-नड्डा
22-Dec-2025 4:36 PM
जो कहा था वो किया, जो नहीं कहा था वो भी करके दिखाया-नड्डा

  साय सरकार की तारीफों के पुल बांधे, भूपेश सरकार पर निशाना  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा/रायपुर, 23 दिसंबर।  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को 2 साल के कार्यकाल पूरे होने के मौके पर जनादेश परब कार्यक्रम में विष्णुदेव साय सरकार की तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि जो कहा था वो किया है, और जो नहीं कहा था वो भी भाजपा की सरकार ने करके दिखाया है। नड्डा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा, और कहा कि बघेल सरकार भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी थी। नक्सलवाद से समझौतावाद था। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने खोखराभाटा की सभा में कहा कि साय सरकरा ने निरंतर सेवा और विकास का संकल्प लेकर शानदार दो साल पूरे किए हैं। 1 नवंबर को राज्य स्थापना की रजत जयंती मनाई हैं। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले में दो साल पहले अनेकोंबार आ चुके हैं। उस वक्त बघेल सरकार भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी थी। जो वादा किया था उसे पूरा नहीं किया था। नक्सलवाद के नाम पर समझौतावाद था। आपने विधानसभा चुनाव में सरकार को उखाड़ फेंका। 

नड्डा ने कहा कि साय सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखी है, जबकि कांग्रेस वायदा करो और भूल जाओ, चुनाव आने पर फिर नया वायदा करो की तरह काम करती है। मगर भाजपा सरकार ने सारे वायदे पूरे किए हैं। किसान, युवा, महिलाओं के सर्वांगीण विकास में कोई कसर बाकी नहीं रखी। सुशासन और विकास में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पांच लाख 10 हजार भूमिहीन मजदूरों को सालाना आर्थिक सहायता देने का काम किया है। 
उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार गांव, गरीब, शोषित, वंचित और दलित के लिए काम करने वालीि सरकार है। नड्डा ने साय सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए 32 हजार सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। अब पर्ची या सिफारिश पर नहीं, मेहनत पर नौकरी मिलती है। उन्होंने कहा कि पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपने का काम किया है, इस पर जल्द एक्शन होगा। नड्डा ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि 160 आईटीआई को अपग्रेट किया गया, और इस पर दो साल में 484 करोड़ खर्च किए गए। 

नड्डा ने कहा कि सरकार गठन के एक माह के भीतर 26 दिसंबर को किसानों को 3716 करोड़ रुपये बकाया बोनस देने का काम किया है। जो कि पिछली सरकार बिना दिए चली गई थी। उन्होंने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए 1-1 हजार रुपए महीने यानि साल में 12 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि आपको महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है, या नहीं। महिलाओं ने हाथ उठाकर सहमति दी। इसके अलावा अन्य उपलब्धियां गिनाई। 

इससे पहले सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछली सरकार में भारी भ्रष्टाचार हुआ था। कई लोग जेल में है, जेल जाना बदस्तूर जारी है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी में जो भी वादे थे, उसे पूरा करने का काम सरकार ने किया है। साय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अंतिम सांसें ले रहा है। कई बड़े नक्सली ढेर हुए हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने औद्योगिकीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि 8 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी अंजोर विजन डाक्यूमेंट 2047 जारी किया है। छत्तीसगढ़ इसमें सहभागी होगा। 


अन्य पोस्ट