ताजा खबर

थप्पड़ मारने से खफा जवान ने साथी सिपाही को मारी गोली
22-Dec-2025 12:40 PM
थप्पड़ मारने से खफा जवान ने साथी सिपाही को मारी गोली

मृतक और आरोपी सीएएफ के जवान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 दिसंबर।
खैरागढ़ जिले के घाघरा पुलिस कैम्प में रविवार देर रात को एक आरक्षक ने अपने साथी जवान को गोली मार दी। घटना में जवान की मौत हो गई। मृतक और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। खैररागढ़ पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक गातापार थाना के अधीन घाघरा पुलिस कैम्प में बीती रात को छत्तीसगढ़ आम्र्स फोर्स (सीएएफ) के जवान सोनबीर जाट को अरविंद गौतम नामक सिपाही ने गोली मार दी। घटना में सोनबीर जाट की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों आरक्षक कवर्धा स्थित 17वीं बटालियन की कंपनी में पदस्थ थे। दोनों की आपस में अच्छी बनती भी थी। 

 

सूत्रों का कहना है कि मृतक और आरोपी के बीच छुट्टी में साथ चलने की बात को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। आपसी बहसबाजी में मृतक सोनबीर जाट ने आरोपी को एक थप्पड़ मार दिया था। इस बात को लेकर आरोपी खफा था और बीती रात को मौका देखकर इंसास रायफल से एक गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।  

बताया जा रहा है कि परिजनों को घटना की जानकारी मिल गई। इस संबंध में खैरागढ़ एएसपी नितेश गौतम  ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि घटना की जांच चल रही है। परिजनों को सूचित किया गया है।  उधर मृतक और आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इस घटना के साथ ही एक बार फिर सुरक्षा कैम्पों में जवानों में बढ़ते तनाव की समस्या उजागर हुई है। राजनांदगांव रेंज आईजी अभिषेक शांडिल्य ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।


अन्य पोस्ट