ताजा खबर

एनटीपीसी सीएसआर के कार्यों का उद्घाटन व भूमिपूजन किया साहू ने
22-Dec-2025 11:44 AM
एनटीपीसी सीएसआर के कार्यों का उद्घाटन व भूमिपूजन किया साहू ने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 दिसंबर। एनटीपीसी सीपत द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत परियोजना प्रभावित गांवों में कराए जा रहे विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्राम पंचायत कर्रा में आयोजित कार्यक्रम में करीब 6.25 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे कार्यों का उद्घाटन एवं भूमिपूजन हुआ। इस दौरान 4.53 करोड़ रुपये से पूर्ण कार्यों का उद्घाटन और 1.72 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तोखन साहू, राज्य मंत्री (आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय) एवं सांसद, बिलासपुर ने विकास कार्यों का उद्घाटन और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी तथा परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक विजय कृष्ण पाण्डेय की भी उपस्थिति रही।

एनटीपीसी सीपत के सीएसआर कार्यक्रम के तहत कर्रा, सीपत, गतौरा, रलिया, जांजी, देवरी, कौड़िया, रांक और दर्राभाटा ग्राम पंचायतों में 12 विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इनमें आधारभूत संरचना का विकास, तालाबों का पुनरुद्धार और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही चार नए विकास कार्यों की भी आधारशिला रखी गई।

मुख्य अतिथि साहू ने कहा कि एनटीपीसी सीपत द्वारा परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे सीएसआर कार्य सराहनीय हैं। छत्तीसगढ़ स्थित एनटीपीसी सीपत विभिन्न राज्यों को बिजली आपूर्ति कर रही है और निर्माणाधीन 800 मेगावाट परियोजना के पूर्ण होने के बाद देश के विकास में इसकी भूमिका और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ गांवों की उन्नति, शिक्षा और आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण विकास की नई दिशा तय करता है।

कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख विजय कृष्ण पाण्डेय ने एनटीपीसी सीपत की सीएसआर गतिविधियों की जानकारी साझा की और सामाजिक सरोकार से जुड़े विकास कार्यों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।


अन्य पोस्ट