ताजा खबर
केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने मस्तूरी इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 दिसंबर। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने गतौरा क्षेत्र में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) कोई नई या असाधारण व्यवस्था नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की एक सतत और संवैधानिक प्रक्रिया है। मतदाता सूची की शुद्धता ही निष्पक्ष चुनाव और मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद होती है।
साहू ने बताया कि एसआईआर की शुरुआत 1952 में पहले आम चुनाव के साथ ही हो चुकी थी। इसके बाद 1957, 1961, 1965-66, 1983-84, 1987-89, 1992, 1993, 1995, 2002-03 और 2004 में विभिन्न सरकारों और प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में यह प्रक्रिया लगातार अपनाई जाती रही है।
उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि सरकारें बदलती रहीं, लेकिन मतदाता सूची की शुद्धता का अभियान हमेशा जारी रहा। इसका मुख्य उद्देश्य मृत और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाना, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करना और हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला होती है, इसलिए इस प्रक्रिया से कुछ लोगों को असहजता हो रही है।
साहू ने कार्यकर्ताओं से चुनावी नियमों और प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बूथ स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने में विश्वास रखती है। ऐसे में वोट चोर गठजोड़ द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार का जवाब संयम, तथ्य और सकारात्मक संवाद के माध्यम से देना चाहिए।


