ताजा खबर

अवैध संबंधों के शक में सुपारी देकर ममेरे भाई की हत्या कराई थी, तीन को आजीवन कारावास
29-Nov-2025 12:18 PM
अवैध संबंधों के शक में सुपारी देकर ममेरे भाई की हत्या कराई थी, तीन को आजीवन कारावास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 29 नवंबर। तखतपुर क्षेत्र के खम्हरिया गांव में हुए चर्चित हत्या कांड में अदालत आरोपी विनय कश्यप, चंद्रप्रकाश कौशिक और पिल्लू कौशिक को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही सभी पर अर्थदंड भी लगाया गया है।

खम्हरिया निवासी सुंदरलाल कौशिक 22 सितंबर 2022 को घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। परिजनों ने खोजबीन के बाद तखतपुर थाने में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दो दिन बाद 24 सितंबर को शिव तालाब की झाड़ियों में उनका शव मिला। पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि उनकी हत्या कर शव को पानी में फेंका गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि देवरीखुर्द में रहने वाले विनय कश्यप को मृतक, जो रिश्ते में उसका ममेरा भाई था- के साथ अपनी पत्नी से अवैध संबंध का शक था। इसके चलते उसने सुंदरलाल की हत्या की साजिश रच डाली। बताया गया कि विनय ने अपने परिचित चंद्रप्रकाश कौशिक और पिल्लू कौशिक को 50 हजार रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। योजना के तहत दोनों ने सुंदरलाल की हत्या कर शव को तालाब की झाड़ियों में छुपा दिया। तखतपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। गवाहों के बयान और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने हत्या का अपराध सिद्ध पाते हुए सभी आरोपितों को आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई।


अन्य पोस्ट