ताजा खबर
एसएलआर-इंसास सहित विस्फोटक बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 26 फरवरी। बीजापुर जिले के इन्द्रावती नदी क्षेत्र में गुरुवार सुबह मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हो गए। मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, 12 बोर राइफल, विस्फोटक तथा अन्य नक्सली सामान भी बरामद किए गए।
जिले के जांगला थाना क्षेत्र के इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस व सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान गुरुवार सुबह इन्द्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। सर्चिंग के दौरान दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य माओवादी सामग्री भी बरामद की गई है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि क्षेत्र में सर्च अभियान लगातार जारी है। विस्तृत रिपोर्ट पृथक से जारी की जाएगी।


