ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 26 फरवरी । मोबाइल चोरी के संदेह में एक किशोर की कमल विहार पुलिस चौकी में पिटाई करने वाले दो आरक्षकों लक्ष्मीनारायण और आसमान सिंह को निलंबित कर दिया।
डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं और कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक कमल विहार बस्ती में रहने वाले एक किशोर को मोबाइल चोरी के शक में कमल विहार चौकी लाया गया था। आरोप है कि बिना चौकी प्रभारी की अनुमति और परिजनों की सहमति के उसे पूछताछ के नाम पर चौकी बुलाया गया। किशोर ने चोरी से इनकार किया तो उसके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई।
पीड़ित ने परिजनों को बताया कि उस पर जबरन चोरी कबूलने का दबाव बनाया गया। कबूल नहीं करने पर उसके साथ मारपीट की गई है। कूल्हे में गंभीर चोट और सूजन के कारण वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा है।
इसके बाद इसकी जानकारी जैसे ही लगी तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दो आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया। घटना के दौरान एक तीसरा पुलिसकर्मी भी मौजूद था, लेकिन उसे निलंबित नहीं किया गया। वहीं पुलिसकर्मियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जबकि एक नाबालिग के साथ कथित मारपीट, जबरन अपराध कबूल करवाने की कोशिश और शारीरिक प्रताड़ना जैसे आरोप गंभीर आपराधिक श्रेणी में आते हैं।


