ताजा खबर

कैबिनेट की बैठक 9 को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। सीएम विष्णुदेव साय ने मंगलवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। खास बात ये है कि कैबिनेट विस्तार के बाद पहली बैठक होगी। इसमें राज्योत्सव तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा होगी। साथ ही धान खरीदी की नीति का भी अनुमोदन हो सकता है।
कैबिनेट विस्तार के बाद सीएम विष्णु देव साय विदेश प्रवास पर चले गए थे। लौटने के बाद बाढ़ प्रभावित बस्तर दौरे पर गए। अब 9 तारीख को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक रखी गई है। नए मंत्री गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल, और गुरू खुशवंत साहेब पहली कैबिनेट की बैठक में रहेंगे। उनका स्वागत किया जा सकता है।
बताया गया कि बैठक में बस्तर में बाढ़ पीडि़तों को राहत पहुंचाने के लिए बड़ा फैसला लिया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में राज्योत्सव तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आएंगे।
आदिवासी संग्रहालय, और नए विधानसभा भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम है। इस पर भी चर्चा होगी।
बताया गया कि बैठक में धान खरीदी प्रस्ताव पर फैसला हो सकता है। धान खरीदी नीति का भी अनुमोदन हो सकता है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो सकती है। इसके लिए अभी तैयारियों पर चर्चा होगी।