ताजा खबर

17 लाख के 5 ईनामी सहित 16 नक्सलियों का समर्पण
24-Jul-2025 8:58 PM
17 लाख के 5 ईनामी सहित 16 नक्सलियों का समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 जुलाई।
दंतेवाड़ा में पुलिस का नवीन अभियान पुनर्वास से पुनर्जीवन कामयाबी हासिल करता प्रदर्शित हो रहा है। इसी क्रम में पुलिस अफसरों के समक्ष 16 नक्सलियों द्वारा गुरुवार को घर वापसी की गई। इनमें से पांच नक्सलियों पर 17 लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।

डीवीसीएम बुधराम उर्फ लालू कोहराम द्वारा आत्म समर्पण किया गया। उक्त नक्सली लीडर विगत 20 वर्षों से संगठन में कार्यरत था। राज्य शासन द्वारा इस लीडर पर 8 लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।

एससीएम महिला नक्सली लीडर कमली उर्फ मोती पोटावी नेवी द्वारा भी घर वापसी की गई। राज्य शासन द्वारा उक्त कैडर के लीडर पर 2 लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।

 

अरनपुर थाना अंतर्गत नीलावाया आरपीसी समिति अध्यक्ष पोज्जा उर्फ पोदिया मरकाम द्वारा भी घर वापसी की गई। राज्य शासन द्वारा उक्त कैडर के नक्सली की गिरफ्तारी पर 2 लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था़

सुकमा जिले के किस्टाराम एरिया कमेटी सदस्य आयते उर्फ संगीता सोडी ने भी घर वापसी की। इस लीडर पर एक लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था।

कटेकल्याण एरिया कमेटी अंतर्गत किसान आदिवासी मजदूर संगठन की पांडे मांडवी ने आत्मसमर्पण किया। उक्त लीडर पर राज्य शासन द्वारा 1लाख रुपए का पुरस्कार घोषित किया गया था। इस दौरान पुलिस के अफसर मौजूद थे।


अन्य पोस्ट