ताजा खबर

सांसदों संग डिनर, नड्डा-शाह संग बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जुलाई। सीएम विष्णुदेव साय 30 तारीख को दो दिन के दिल्ली दौरे पर जा रहे हैं। खबर है कि साय की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक होगी। संसद सत्र के बीच साय के कुछ केन्द्रीय मंत्रियों से भी राज्य के मुद्दों को लेकर बैठक हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक सीएम के दिल्ली दौरे को लेकर विचार विमर्श चल रहा है। संसद का सत्र चल रहा है। सीएम विष्णुदेव साय 30, और 31 जुलाई को दिल्ली में रहेंगे। बताया गया कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ साय की बैठक हो सकती है। साथ ही केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ भी बैठक होगी।
साय 30 तारीख को प्रदेश के पार्टी के सांसदों के साथ बैठक करेंगे। साथ उनकी तरफ छत्तीसगढ़ सदन में रात्रिभोज रखा गया है।
बैठक में बस्तर में नक्सल अभियान की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कुछ अन्य बिन्दुओं पर चर्चा हो सकती है। केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मानव संसाधन मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, और सडक़-परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ भी साय की बैठक हो सकती है। उपराष्ट्रपति के दावेदारों के नामों को लेकर चर्चा चल रही है। इन सबके बीच साय का दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
पार्टी के अंदरखाने में चर्चा है कि साय के दिल्ली प्रवास के दौरान कैबिनेट विस्तार पर भी हाईकमान से चर्चा हो सकती है। प्रदेश भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की सूची भी जारी होनी है। माना जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय नेता इस मसले पर साय से भी चर्चा कर सकते हैं।