ताजा खबर

कांग्रेस है तो देश के टुकड़े हुए-बृजमोहन
15-Mar-2022 4:39 PM
कांग्रेस है तो देश के टुकड़े हुए-बृजमोहन

 ...न होती तो ये अंग्रेजों के तलवों में होते-मरकाम   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मार्च।
  कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के विभागों की बजट चर्चा के दौरान भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल ने तो सरकार की न्याय योजना को अन्याय तक करार दिया है। पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने दिवंगत नेताओं तक का सम्मान नहीं किया। राजीव गांधी के नाम से शुरू हुई न्याय योजना अन्याय योजना साबित हुई है।
 

सीएम बघेल के कांग्रेस न होती तो देश आजाद न हुआ होता वाले बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस नहीं होती तो देश कब का आज़ाद हो चुका होता। कांग्रेस है तो कश्मीर का हिस्सा पीओके होकर पाकिस्तान में गया, कांग्रेस है तो भारत के टुकड़े हुए है, कांग्रेस है तो भगत सिंह को फांसी हुई, चंद्रशेखर आज़ाद शहीद हुए, कांग्रेस है तो भ्रष्टाचार है। कांग्रेस है तो देश के करोड़ों राम भक्तों के लिए राम मंदिर बना है। कांग्रेस है तो लखीमपुर में मृत किसानों को पचास लाख मिलेगा लेकिन छत्तीसगढ़ के किसानों को चार लाख मिलेगा।
इससे पहले बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि किसानों की सबसे बड़ी शोषक पार्टी कांग्रेस है। किसानों की बिजली, उनकी सडक़, उनके स्कूलों को काट कर अगर आप 2500 रुपए दे रहे है तो सरकार एहसान नहीं कर रही है।

कांग्रेस न होती तो ये अंग्रजों के तलवे चाट रहे होते -मरकाम
इस दौरान मोहन मरकाम ने कहा कि रमन सरकार के 15 सालों की सरकार में किसानों के हाथ कटोरा पकड़ा दिया गया। 15 हज़ार से ज़्यादा किसानों ने आत्महत्या की. इसी दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ना होती तो ये अंग्रेजों के तलवे चाट रहे होते। बीजेपी के नेता जो कांग्रेस पर सवाल उठा रहे हैं ये कांग्रेस के बनाए स्कूलों में पढ़े हैं. कांग्रेस ने नारा दिया था वक़्त है बदलाव का। आज राज्य में सुखद बदलाव हो रहा है। जो काम मोदी के आठ और रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में नहीं हुआ वह इन तीन सालों में हुआ है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का किसान आज खुशहाल है। कृषि क्षेत्र में 114 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है. पिछले सालों में कऱीब 17 लाख किसानों का कऱीब आठ हज़ार करोड़ रुपए का कृषि ऋण माफ़ किया गया है। 15 सालों में रमन सरकार ने किसानों का एक रुपए भी माफ़ नहीं किया।


अन्य पोस्ट