ताजा खबर

रिटायर्ड फूड ऑफिसर को लूट कर फरार हुई दुल्हन के बेटे गिरफ्तार, खुद पहले से जेल में
09-Jan-2022 10:25 AM
रिटायर्ड फूड ऑफिसर को लूट कर फरार हुई दुल्हन के बेटे गिरफ्तार, खुद पहले से जेल में

बिलासपुर, 9 जनवरी। रिटायर्ड फूड ऑफिसर को धोखे में रखकर शादी शादी करने वाली लाखों रुपए लेकर फरार महिला के दो जवान बेटों को पुलिस ने सागर एमपी से गिरफ्तार किया है। फरार महिला आधा दर्जन लोगों से शादी करके उनको चूना लगा चुकी है और ऐसे ही एक मामले में वह राजस्थान के कोटा जेल में बंद है।

सरकंडा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खाद्य विभाग के रिटायर्ड अधिकारी मुंशीलाल पस्तरिया (78 वर्ष) की पत्नी की सन् 2015 में मौत हो गई थी। उन्होंने जीवनसाथी की चाह में सन् 2016 में अखबारों में विज्ञापन दिया। मध्य प्रदेश के सागर की रहने वाली आशा शर्मा उर्फ आरती (48 वर्ष) ने उनसे मोबाइल के जरिए संपर्क किया। दोनों ने अप्रैल 2016 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शादी कर ली। शादी के बाद वह करीब 22 महीने तक मुंशीलाल के पास रही और अपनी जमीन को छुड़ाने के नाम पर करीब 14 लाख रुपए ले लिये। घर के सोने-चांदी गहने और कार को भी उसने अपने कब्जे में ले लिया। अचानक सन् 2017 में वह राहुल शर्मा और आशीष शर्मा के साथ भाग गई। महिला ने इन्हें अपना रिश्तेदार बताकर मुंशी लाल के घर में रखा था।

तीनों के भागने के बाद मुंशीलाल उनका पता करने की कोशिश की तो महिला का मोबाइल फोन लगातार बंद रहा और बताए गए पते पर भी वह नहीं मिली। तब उन्होंने सरकंडा थाने में लूट और ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

एसएसपी पारुल माथुर ने पुराने मामलों को खंगालना शुरू किया तो इस केस की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की खोजबीन का निर्देश दिया।

सरकंडा पुलिस ने सागर से उसके दो बेटों आशीष शर्मा उर्फ आशीष सिंह और दिलीप सिंह उर्फ राहुल शर्मा दोनों की उम्र 27 वर्ष के आसपास को गिरफ्तार कर लिया। मुंशीलाल की आल्टो कार को भी बरामद कर लिया। सरकंडा पुलिस को पता चला कि दोनों बेटों की मां आशा शर्मा उर्फ आरती शर्मा शादी करके धोखाधड़ी करने के मामले में राजस्थान में जेल में है। सरकंडा पुलिस ने बताया कि देवास, दुर्ग, इंदौर और जयपुर में भी उसने इसी तरह से शादी करके धोखाधड़ी की है। टीआई परिवेश तिवारी के अनुसार प्रोटेक्शन वारंट लेकर महिला को भी गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया जाएगा।


अन्य पोस्ट