ताजा खबर

भाजपा को पूर्ण बहुमत के बावजूद कांग्रेस कश्मकश का फायदा उठाने की फिराक में
07-Jan-2022 12:19 PM
भाजपा को पूर्ण बहुमत के बावजूद कांग्रेस कश्मकश का फायदा उठाने की फिराक में

रेखराम को प्रत्याशी न बनाने पर भाजपा में क्रॉस वोटिंग तय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जनवरी।
जामुल नगर पालिका को आज नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिल जाएगा। यहां दो निर्दलीय के समर्थन के साथ भाजपा पूर्ण बहुमत में है, लेकिन अध्यक्ष पद की खींचतान में भाजपा दो गुटों में भी बंटी नजर आ रही है, जिसका फायदा उठाने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से लग गई है। कांग्रेस के पास इस समय एक निर्दलीय सहित 6 पार्षद हैं, जो कि बहुमत से काफी दूर है।

दो बार पालिका अध्यक्ष रह चुके  भाजपा के वरिष्ठ नेता रेखराम बंछोर अध्यक्ष के प्रबल दावेदार हैं। संभावना है कि अध्यक्ष पद की मांग कर रहे ईश्वर ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया जाये। इनके अलावा भाजपा से दीपक गुप्ता और कविता बिस्वाल का नाम भी सामने आ रहा है।

कांग्रेस से दावेदारों की बात करें तो जामुल की पूर्व पालिका अध्यक्ष सरोजनी चंद्राकर स्वत: दावेदार हैं। उनके अलावा सबिहा करीम खान हैं। ये मंत्री गुरु रुद्रकुमार की पहली पसंद हैं। इसके अलावा साहू समाज से रामदुलार साहू (गुल्ली) का नाम भी सामने आ रहा है। कांग्रेस को लग रहा है कि वह यहां भी बहुमत ला सकती है। इसके लिए जोड़तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है।

आज तय कार्यक्रम के तहत जामुल नगर पालिका के 20 वार्डों से निर्वाचित होकर आए नव निर्वाचित पार्षदों ने सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होकर अपने पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। अब सभी पार्षद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान करेंगे।

गौरतलब हो कि जामुल नगर पालिका के पार्षदों में भाजपा के 10, कांग्रेस के 5, जोगी कांग्रेस का एक और 4 निर्दलीय शामिल हैं। निर्दलीय में 3 ने भाजपा और तो वहीं एक ने कांग्रेस में समर्थन दे दिया है। अब एक निर्दलीय और जोगी कांग्रेस को भी कांग्रेस में मिलाने की रणनीति चल रही है। इन दो को मिलाने के बाद भी कांग्रेस बहुमत से दूर है। हालांकि कांग्रेस यह दावा कर रही है, उनके पास 8 पार्षद हो चुके हैं और भाजपा से क्रॉस वोटिंग करवाकर वह बहुमत को पा लेंगे। वहीं भाजपा पहले से ही बहुमत से एक अधिक पार्षदों का दल लेकर अज्ञातवास घूम रही है।

नव निर्वाचित भाजपा पार्षद दल में लेखराम बंछोर सबसे वरिष्ठ और अनुभवी हैं। वे दो बार पालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं, इसलिए इनके नाम पर मुहर लगने की सबसे प्रबल संभावना है। नतीजतन दूसरे दल ईश्वर सिंह ठाकुर को शांत करने के लिए भाजपा उन्हें उपाध्यक्ष का पद दे सकती है।

 जामुल से भाजपा के 10 पार्षद हैं। भाजपा से रेखराम बंछोर अध्यक्ष पद के लिए काफी पहले से पार्टी नेताओं की पसंद हैं। अब चर्चा यह भी है कि सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय तो बंछोर के पक्ष में हैं, लेकिन सांसद सरोज पांडेय की राय उनसे कुछ अलग है। यदि ऐसा हुआ तो रेखराम बंछोर के लिए राह आसान नहीं होगी, हालांकि ज्यादातर विजयी भाजपा पार्षद उनके पक्ष में बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि अगर रेखराम बंछोर को टिकट नहीं मिली तो वह क्रॉस वोटिंग करेंगे। दोपहर 12 बजे तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नामांकन दाखिल होने के बाद मतदान शुरू होगा।


अन्य पोस्ट