ताजा खबर

बस्तर के लिटिल स्टार सहदेव के चेहरे पर लौटी मुस्कान, कल हॉस्पिटल से होंगे डिस्चार्ज
06-Jan-2022 6:36 PM
बस्तर के लिटिल स्टार सहदेव के चेहरे पर लौटी मुस्कान, कल हॉस्पिटल से होंगे डिस्चार्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जनवरी।
बचपन का प्यार फेम सहदेव दीरदो की तबीयत में अब काफी सुधार आ गया है और उन्हें कल रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

पिछले सप्ताह मंगलवार को सहदेव सुकमा के पास एक बाइक दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे। उनके सिर में गहरी चोट आई थी और बेहोश हो गये थे। पहले उन्हें जगदलपुर के डोमरापाल में इलाज के लिए लाया गया। वहां न्यूरोसर्जन नहीं होने के कारण अगले दिन रायपुर रेफर किया गया। यहां श्री बालाजी हॉस्पिटल में उसका 8 दिन इलाज चला है। उसे सिर में 8 टांके लगे हैं। खून का जमा हुआ थक्का भी अब ठीक हो चुका है। बालाजी हॉस्पिटल के डॉक्टर देवेन्द्र नायक के साथ उसकी एक विक्ट्री साइन वाली तस्वीर भी जारी हुई है।

ज्ञात हो कि सहदेव को बचपन का प्यार गीत जो उन्होंने 2 साल पहले स्कूल में गया था, से देश भर में ख्याति मिली है। वे गाने में बचपन को बसपन कहते हैं। बॉलीवुड पॉप सिंगर बादशाह ने उसके गाने के अंदाज को खूब पसंद किया और अपने अपने पास चंडीगढ़ बुलाया था। उन्होंने उसकी आवाज में गाने को रीमिक्स किया। इसके बाद अलग-अलग पॉप सिंगर्स ने भी इस गाने को फिल्माया और लाखों लोगों ने यूट्यूब और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देखा। बादशाह को जैसे ही सहदेव के घायल होने की जानकारी मिली उन्होंने खुद फोन कर के परिवार वालों से उनका हालचाल जाना। पूरे इलाज के दौरान वे सहदेव और उसके परिवार वालों के संपर्क में थे। उन्होंने अपनी टीम के कुछ लोगों को सहदेव का हाल-चाल जानने के लिए रायपुर भी भेजा था।

बालाजी हॉस्पिटल के डॉक्टर नायक ने बताया है कि स्वस्थ हो जाने के बाद अब कल सहदेव को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। बालाजी हॉस्पिटल के प्रबंधन ने सहदेव के इलाज का कोई भी बिल नहीं बनाने का निर्णय लिया है। इलाज में आए खर्च को अस्पताल प्रबंधन खुद उठाएगा।


अन्य पोस्ट