कोरिया

आयोजन में आर्थिक अनियमितता के लग रहे हैं आरोप
कलेक्टर की फटकार के बाद पहुंचे खिलाड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर, (कोरिया), 22 दिसंबर। राज्य सरकार ने युवा उत्सव के लिए दो माह पूर्व बजट जारी कर दिया, चुपचाप आयोजन करवाए गए, विकासखंड और जिला स्तर पर आयोजन के बाद जब संभाग स्तरीय आयोजन में खिलाडिय़ों को ले जाने की बात आई तो खेल विभाग ने हाथ खड़े कर दिए, जिसके बाद इसकी जानकारी कलेक्टर श्याम धावड़े को लगी। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारी को फटकार लगाते हुए तत्काल खिलाडिय़ों को अंबिकापुर ले जाने के निर्देश दिए। जिसके बाद कार्यक्रम के शुरू होने के 4 घंटे बाद कोरिया जिले के खिलाड़ी अंबिकापुर पहुंच पाए।
इस संबंध में खेल एवं युवा विभाग के प्रभारी अधिकारी एमआर भगत का कहना है कि राज्य सरकार से 3 लाख 50 हजार की राशि मिली थी, जो विकासखंड और जिला स्तरीय आयोजन में खर्च हो गई। इसलिए उन्होंने कहा था कि राशि नहीं बची है। अंबिकापुर में आयोजित संभाग स्तर के आयोजन में किसी भी खिलाड़ी की विधा नहीं छूट पाई है।
जानकारी के अनुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विकासखंड स्तरीय तथा जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 हेतु संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राशि जारी की गयी। आरोप है कि जिले में फिर से जाग युवा जाग कार्यक्रम में हुई अनियमितता की तरह मिली राशि का दुरूपयोग किया जा रहा है।
पिछले दिनों जिले के सभी विकासखंडों में युवा उत्सव का आयोजन किया गया, उसके बाद विभाग ने गुपचुप तरीके से जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शहर से दूर डाईट में करवाया, इस युवा उत्सव के डाईट के प्राचार्य अध्यक्ष रहे।
बताया जाता है कि पांचों ब्लॉक और एक जिला स्तरीय कार्यक्रम में 3 लाख 50 हजार रू खर्च कर दिए गए। जिसमें विभाग से जुड़े लोगों का आरोप है कि सभी आयोजन में अनाप-शनाप खर्च बताया गया है। सभी आयोजन में आर्थिक गड़बड़ी की गयी है।
संभाग स्तरीय 22 विधाओं का आयोजन अंबिकापुर में होना था, 21 से 23 दिसंबर तक होने वाले आयोजन के लिए खिलाडिय़ों को खेल एवं युवा विभाग ने बुला तो लिया, बाद में यह कहते हुए मना कर दिया कि कलेक्टर ने मना कर दिया, वहीं जिला मुख्यालय पहुंचें खिलाडिय़ों के फोन अधिकारी रिसीव करना बंद कर दिए, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया में उछल गया, कलेक्टर श्याम धावड़े ने तुरंत मामले को संज्ञान लिया और खेल विभाग के अधिकारी को जमकर फटकार लगाई, तब जाकर खिलाडियों को अंबिकापुर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचाया गया। खिलाड़ी आयोजन में 4 घंटे देरी से पहुंचे।
25 के बाद अब 35 हजार प्रति ब्लॉक
खेल एवं युवा कल्याण विभाग प्रत्येक विकासख्ंाड के लिए 35 हजार प्रति विकासखंड के हिसाब से राशि आबंटित की गयी थी। जिले के पांच विकासखंड के लिए 1 लाख 75 हजार रूपये की स्वीकृति दी गयी थी, वहीं जिला स्तरीय आयोजन के लिए भी बड़ी रकम स्वीकृत की गयी थी। इस तरह कोरिया जिले में विकासखंड स्तरीय व जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम के लिए कुल 3 लाख 50 हजार रूपये आबंटित किया गया था। पूर्व में 25 हजार रू प्रति विकासखंड के हिसाब से राशि मिला करती थी।