कोरिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया) 16 दिसंबर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अब वार्डों में घमासान मचने लगा है। कोरिया जिले के नपा शिवपुर चरचा तथा नपा बैकुण्ठपुर में चुनाव होने है, जिसके लिए मतदान की तिथि 20 दिसंबर निर्धारित है। दोनों नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशियों व पार्टी पदाधिकारियों द्वारा अपने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार जोर-शोर से कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी दोनों नगरीय निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरकर अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने में लगी है।
कांग्रेस के बाद भाजपा के जिला पदाधिकारियों के द्वारा ही रणनीतिक बनाकर चुनाव प्रचार कर रहे हंै। जैसे-जैसे एक एक दिन निकलता जा रहा है, वैसे-वैसे चुनावी प्रचार की सरगर्मी भी बढ़ती जा रही है। इस बार नगर पालिका बैकुण्ठपुर में दो पूर्व अध्यक्ष की पत्नी भी पार्षद चुनाव लड़ रही है।
जानकारी के अनुसार पूर्व नपा अध्यक्ष अशोक जायसवाल अपनी पत्नी को दूसरे वार्ड से पार्षद पद के प्रत्याशी बनाये हंै, वहीं पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेष शिवहरे भी पार्षद के चुनावी मैदान में उतरे हंै, वही उनकी पत्नी भी दूसरे वार्ड से प्रत्याशी बनाए गए हैं। दोनों पूर्व अध्यक्ष अपनी प्रतिष्ठा को बचाने में कितने कामयाब होते हैं, यह मतदान दिवस आगामी 20 दिसंबर को ही चल पायेगा।
प्रत्याशी भी घर-घर दे रहे दस्तक
नाम वापसी के पश्चात चुनाव प्रचार दोनों निकाय क्षेत्र में जोर पकड़ता जा रहा है। पार्टी पदाधिकारी के साथ भाजपा कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ अपने वार्ड के घर-घर दस्तक देकर एक बार मौका देने की अपील की जा रही है। दिन शुरू होने के साथ ही वार्डों में चुनावी हलचल देखने को मिल रही है, जो देर रात तक हलचल दिखाई देती है। वार्डों में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में बैठकें भी चल रही है। वहीं आग तापने के बहाने एकजुट लोग चुनावी रणनीति के तहत अपने प्रत्याशियों को जीताने की रणनीति तैयार कर कार्य एकजुटता के साथ कर रहे हंै।
इस बार कई प्रत्याशी दूसरे वार्ड से लड़ रहे
नपा बैकुण्ठपुर में नये जुड़े वार्डों को फिर से ग्राम पंचायत में शामिल कर लिया गया इसके बाद नये सिरे से परिसीमन हुआ है। जिसके कारण समीकरण बिगड़ गया है, ऐसी स्थिति में इस बार अजीब स्थिति निर्मित हो गई है। नपा बैकुण्ठपुर में कई पार्षद प्रत्याशी ऐसे हंै, जिनका निवास जिस वार्ड में है। उस वार्ड से चुनाव में प्रत्याशी न बनकर दूसरे वार्ड में चुनाव प्रत्याशी बने है। ऐसी स्थिति में उन्हें ज्यादा मशक्कत करना पड़ सकता है।
कई वार्डों में भाजपा-कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे रहे निर्दलीय
इस बार के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को निर्दलीय उम्मीदवार भारी पड़ रहे हंै। नपा बैकुण्ठपुर में इस तरह की स्थिति कई वार्डों में बन रही है। जानकार के अनुसार इस बार कई प्रत्याशी अपने वार्ड को छोडक़र दूसरे वार्ड से प्रत्याशी बने हुए हैं, जिसमें भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशी भी है। ऐसी स्थिति में उम्मीदवार जो उसी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी हंै, उन्हें अपने वार्ड के होने का लाभ मिलने के कारण भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों को निर्दलीय प्रत्याशी कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं नपा बैकुंठपुर के कुछ वार्डों में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों की सीधी टक्कर दिखाई दे रही है।