कोण्डागांव
दस दिन में 1302 की जांच, 13 टीबी संदिग्ध मरीज चिन्हित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 फरवरी। सम्पूर्णता अभियान के जिले में क्षय रोग उन्मूलन के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. हरेंद्र देवेल के मार्गदर्शन में अभियान की प्रभावी तैयारी कर इसे क्रियान्वित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत 28 जनवरी से 7 फरवरी तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें कुल 1302 लोगों की जांच की गई। इस दौरान 13 टीबी संदिग्ध मरीज चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
टीबी संदिग्ध मरीजों में प्रमुख लक्षणों के रूप में दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, खांसी में खून आना, सीने में दर्द, वजन का लगातार घटना, भूख न लगना एवं बुखार शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं।
जिले का वार्षिक टीबी उन्मूलन लक्ष्य 900 मरीजों की पहचान एवं उपचार निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूरे जिले में सुनियोजित तरीके से टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान में मितानिन, एमटी, बीसी, एएनएम, आरएमए, आरएचओ, सुपरवाइजर, बीटीओ, बीपीएम एवं टीबी सुपरवाइजर की संयुक्त टीम द्वारा विद्यालयों, छात्रावासों, अनाथालयों, वृद्धाश्रमों, शांति फाउंडेशन सेंटर, करुणा भवन, नर्सिंग सेंटरों सहित घर-घर भ्रमण कर टीबी स्क्रीनिंग की जा रही है।


