कोण्डागांव

कोंडागांव को कुपोषण मुक्त बनाने वजन त्यौहार का शुभारंभ
11-Feb-2026 10:50 PM
कोंडागांव को कुपोषण मुक्त बनाने वजन त्यौहार का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 11 फरवरी। कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पलारी के बड़ेपारा-2 में सोमवार को कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिला स्तरीय वजन त्यौहार 2026 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों की वजन प्रक्रिया का अवलोकन किया और कुपोषित बच्चों की जानकारी ली तथा स्वच्छता, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से समन्वय कर शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।

वजन त्यौहार का आयोजन 18 फरवरी तक जिले के सभी ग्राम पंचायतों के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों आयोजित किए जायेंगें। जिसका उद्देश्य कुपोषण की पहचान, रोकथाम एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देना और प्रत्येक परिवार को उनके बच्चों की वास्तविक पोषण स्थिति की जानकारी देना तथा सुपोषित छत्तीसगढ़ अभियान के क्रियान्वयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस वजन त्यौहार के दौरान बच्चों में कुपोषण की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर प्रत्येक बच्चे की जानकारी सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी, जिससे राज्य स्तर पर कुपोषित बच्चों का सटीक डाटाबेस तैयार किया जा सके।

इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं में एनीमिया स्तर की जांच, बीएमआई परीक्षण एवं पोषण स्तर का आकलन भी किया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट