खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 4 फरवरी। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कुल सचिव सौमित्र तिवारी और सहायक कुल सचिव राकेश गुप्ता के खिलाफ विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ, कर्मचारी कल्याण संघ और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन प्रारंभ किया है।
कर्मचारी संघ के सदस्य कुलपति कार्यालय स्थित प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों ने कुल सचिव सौमित्र तिवारी और सहायक कुल सचिव राकेश गुप्ता पर मानसिक प्रताडऩा और मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कुलपति से मामले की जांच कराने की मांग की है।
हड़ताल के कारण मंगलवार को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के कार्यालय बंद रहे। निर्धारित कार्य समय में कुलपति लवली शर्मा और प्रभारी कुल सचिव अपने कार्यालयों में उपस्थित रहे, लेकिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुआ। धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि कुल सचिव और सहायक कुल सचिव द्वारा कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। कर्मचारी संघ के अनुसार सार्वजनिक रूप से अपमानित करना, अतिरिक्त कार्यभार सौंपना और नियमों के विपरीत कार्य कराना जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
संघ ने सहायक कुल सचिव पर कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है। साथ ही प्रभारी कुल सचिव पर आवश्यक फाइलों को लंबित रखने और प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। कर्मचारी संघ ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगें
कर्मचारी संघ द्वारा कुल सचिव और सहायक कुल सचिव के खिलाफ जांच के साथ-साथ अन्य मांगें भी रखी गई हैं। इनमें गलत वरिष्ठता सूची जारी करने वालों पर कार्रवाई, शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक पदों की रोस्टर सूची उपलब्ध कराना, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग शामिल हैं।
कर्मचारी संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।


