खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 20 जनवरी। जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़ में विकसित भारत जी राम जी जनजागरण अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत जी राम जी संभाग के प्रभारी के रूप में यह उनका खैरागढ़ का पहला दौरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे सहयोगी के रूप में जिले के साथ मिलकर कार्य करेंगे। जिले की समस्याओं एवं सुझावों को साझा करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 18 दिसंबर को लोकसभा एवं 19 दिसंबर को राज्यसभा में विकसित भारत जी राम जी से संबंधित विधेयक पारित हुआ। विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम पर कभी ठोस कार्य नहीं किया, बल्कि केवल नाम का उपयोग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि राम प्रत्येक नागरिक के कण-कण में हैं और यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ एक नया जिला है, जहां कुल आठ मंडल हैं। जिले में भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विपक्ष द्वारा मनरेगा को बंद किए जाने के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि योजना का केवल स्वरूप बदला गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि वीबीजी राम जी जनजागरण अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन मार्गदर्शन प्राप्त करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने संगीत नगरी खैरागढ़ में पधारे प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
विकसित भारत जी राम जी अभियान के जिला संयोजक घम्मन साहू ने बताया कि यह कानून वर्ष 2025 में लागू हो चुका है। इसी के परिपालन में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई है तथा आगे सभी मंडलों में भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस कानून के अंतर्गत 125 दिनों का रोजगार दिया जाएगा, जो विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करेगा। 27 जनवरी से 10 फरवरी तक मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें जिला एवं संभाग प्रभारी भी शामिल हो सकते हैं।
पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी कानून देश को नई दिशा देने वाला है। विपक्ष पर देश को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना मनरेगा से अधिक व्यवस्थित रूप में बनाई गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस योजना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने किया। कार्यशाला में जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, तीरथ चंदेल, पन्ना मंडावी, खम्हन ताम्रकार, उमा चौबे, गोरेलाल वर्मा, शत्रुघ्न साहू, भावेश कोचर, देवकुमार सेन, दिनेश वर्मा, भोज बंजारे, डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, अनीश सिंह, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


