खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट का सामूहिक श्रवण
03-Feb-2026 3:54 PM
जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट का सामूहिक श्रवण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 3 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को केंद्रीय बजट पेश किया। इस अवसर पर जिले में भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट के वाचन एवं सामूहिक श्रवण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी दस्तावेज है। यह बजट किसान, युवा, महिला, श्रमिक, कारीगर, मध्यम वर्ग और उद्यमियों को केंद्र में रखकर देश की अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर और समावेशी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाता है।

वक्ताओं ने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे के विस्तार, कृषि एवं ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, हरित ऊर्जा, डिजिटल अर्थव्यवस्था तथा सामाजिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन प्रावधानों से देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। कहा गया कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त करने और आने वाली पीढिय़ों के लिए मजबूत नींव रखने वाला एक विजऩ डॉक्यूमेंट है।

वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और किसान आय बढ़ाने से जुड़े प्रावधान अन्नदाता को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। यह बजट खेत से बाजार तक किसान की स्थिति को मजबूत करने वाला है।

बजट में युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है। वक्ताओं ने कहा कि यह बजट युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण से जोडऩे का माध्यम बनेगा। तकनीकी शिक्षा, डिजिटल इकोनॉमी और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवा भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल

महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर बजट में किए गए प्रावधानों की विशेष सराहना की गई। वक्ताओं ने बताया कि प्रत्येक जिले में महिला हॉस्टल की घोषणा कार्यरत महिलाओं, छात्राओं एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली बालिकाओं के लिए सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने वाला एक ऐतिहासिक निर्णय है। यह पहल महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन को नई मजबूती देगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक कोमल जंघेल जिला भाजपा महामंत्री नवनीत सतीष जैन, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, खम्मन ताम्रकार, जिला भाजपा उपाध्यक्ष आनंद सिन्हा, नीलिमा गोस्वामी, अनिल अग्रवाल जिला कोषाध्यक्ष, ललित सोनी जिला सह-कोषाध्यक् ज्ञान यादव, जयंत्री साहू जिला मंत्री, विकेश गुप्ता, जीवन दास रात्रे, राजकुमार जंघेल जिलाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा), पन्ना मंडावी (जिलाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा अयूब सोलंकी जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा महावीर बाघमार, जयप्रकाश साहू, देबिन कोठले, नीलिमा ठाकुर, विनय जैन, चंदन गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट