कवर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 12 अप्रैल। शुक्रवार सुबह से कबीरधाम जिले से होकर गुजारने वाली प्रमुख मार्ग नेशनल हाईवे 30 पर चिल्फी घाटी में फिर जाम लगा। जिससे 20 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 9 घंटे बाद शाम 5 बजे जाम खुला, पर 2-3 घंटे बाद फिर जाम लग गया। इसके बाद रात को बड़ी मुश्किल से जाम हटा और आवागमन सुचारू रूप से शुरू हुआ।
मिली जानकारी अनुसार नागमोड़ी मेन मोड़ में ट्रक में आई खराबी के कारण यह जाम लगा है। रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 में आवागमन बाधित होने से 20 किलोमीटर दोनों ओर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। आठ घंटे से ज्यादा समय होने के बाद भी जाम पूरी तरह नहीं खुल पाया था। छोटी गाडिय़ां और यात्री बस को मुश्किल से निकाला जा रहा है।
हाइवे 30 में खासकर चिल्फी घाटी क्षेत्र में लगातार जाम लगने से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को जबरदस्त समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रात में घाटी क्षेत्र में अक्सर जाम लग जाया करता है, जिससे लोगों को रात घाटी में ही गुजारनी पड़ती है।
नाली निर्माण ही जाम लगने का कारण
चिल्फी घाटी में आये दिन ट्रकों के खराब होने के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे प्रमुख कारण तो सडक़ के एक ओर नाली का बनाया जाना है। नाली को पाट दिया जाए तो समस्या से काफी हद तक के निजात मिल सकती है ।
इस विषय में इस मार्ग पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों जिनमें पप्पू केसरवनी ओमकार केसरवानी सुनील मानिकपुरी, भुपेंद्र चंद्रवंशी , राकेश दास आदि सभी लोगों का मानना है कि सडक़ किनारे नाली निर्माण के बाद बड़े और भारी वाहन निकलने में दिक्कत हो रही है। घाटियों में जाम लगने का यही प्रमुख कारण नजर आता है।
सुबह 8 बजे से लगा जाम
जाम शुक्रवार सुबह 8 बजे से लगा हुआ है, 8 घंटे से ज्यादा समय होने के बाद भी जाम पूरी तरह नहीं खुल पाया था। पुलिस ने सभी बड़ी वाहनों को घाट से पहले ही रोक दिया है, जिसके चलते वन-वे खुला। बमुश्किल छोटी गाडिय़ां और यात्री बस को निकाला जा रहा था। इस जाम के चलते दोनों ओर लगभग 20 किलोमीटर तक बड़ी गाडिय़ों की लंबी कतार लग गई है। करीब 9 घंटे बाद शाम 5 बजे जाम खुला, पर 2-3 घंटे बाद फिर जाम लग गया। इसके बाद रात को बड़ी मुश्किल से जाम हटा और आवागमन सुचारू रूप से शुरू हुआ।