गोरेला पेंड्रा मरवाही

नशे में पति ने पेट्रोल उढेलकर जलाया, महिला व नाबालिग बेटी गंभीर रूप से झुलसी
12-Feb-2026 1:55 PM
नशे में पति ने पेट्रोल उढेलकर जलाया, महिला व नाबालिग बेटी गंभीर रूप से झुलसी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 12 फरवरी। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में नशे में धुत पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने साहस दिखाते हुए किसी तरह खुद और बेटी की जान बचाई तथा अस्पताल पहुंचकर उपचार शुरू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना गौरेला में वरिष्ठ जिला अधिकारियों के सरकारी आवासों के समीप की है। आरोपी शंकर पांडेय मूलतः इलाहाबाद का रहने वाला है, जबकि उसकी पत्नी शमा शर्मा मध्यप्रदेश के बुधार की निवासी बताई गई है। शंकर पांडेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निवास के सामने स्थित सुलभ शौचालय में केयरटेकर है और वहीं परिवार के साथ रहता था। घटना के समय उसकी नाबालिग बेटी भी घर पर मौजूद थी।

बताया जा रहा है कि शंकर पांडेय को शराब पीने की आदत है। बीती रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जहां किसी घरेलू मुद्दे को लेकर पत्नी और बेटी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बाहर खड़ी कार से पेट्रोल निकाला और पत्नी व बेटी पर उड़ेल दिया। इसके बाद दोनों को आग के हवाले कर दिया।

अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में घिरी मां-बेटी ने रसोई से पानी लेकर किसी तरह आग बुझाई और झुलसी अवस्था में घर से बाहर भागी। घटना के बाद दोनों ने सड़क पर एक ऑटो-रिक्शा रोका और सीधे जिला अस्पताल गौरेला पहुंचीं। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के हाथ और कंधे बुरी तरह झुलसे हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ ही समय बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित मां-बेटी के बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं।  


अन्य पोस्ट