गोरेला पेंड्रा मरवाही

गौरेला में युवक की हत्या, सगा बड़ा भाई ही निकला कातिल
05-Jan-2026 12:46 PM
गौरेला में युवक की हत्या, सगा बड़ा भाई ही निकला कातिल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 5 जनवरी। गौरेला क्षेत्र में घटित एक अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने मृतक के सगे बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

वारदात 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे से 1 जनवरी 2026 की सुबह 5 बजे के बीच की बताई गई है। मृतक चंद्रभान सिंह उरेती (29), निवासी वार्ड क्रमांक 10, लमराटोला बरवासन, पोस्ट हर्री, थाना गौरेला का शव उसके घर के सामने संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। सिर, चेहरे, गले और कान पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया निर्मम हत्या की पुष्टि हुई।

सूचना मिलने पर गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा घटनास्थल से आवश्यक भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए गए। थाना गौरेला पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच में मृतक के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों की पड़ताल के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक और उसके बड़े भाई के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था। सघन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के सगे बड़े भाई चेतन सिंह उरेती (42) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी गौरेला निरीक्षक सौरभ सिंह ने किया।  

 


अन्य पोस्ट